मथुरा, मार्च 3 -- ठाकुर प्रियाकांतजु मंदिर में सोमवार को ब्रज की सतरंगी होली श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं पर हाइड्रोलिक पिचकारी से टेसू का रंग बरसा, इसे देखकर भक्त फागुन की मस्ती में झूम उठे। संस्थापक देवकीनंदन महाराज ने भक्तों के साथ होली खेलते हुए सभी को शुभकामना दीं। सुबह 10 बजे देवकीनंदन महाराज ने मंदिर के गर्भगृह में प्रियाकान्तजु विग्रह को गुलाल अर्पित कर होली महोत्सव का शुभारंभ किया। मंदिर प्रांगण में बने मंच पर राधा-कृष्ण स्वरूपों के साथ गोप-ग्वालों ने ब्रज के रसिया, हास-परिहास और संवादों के साथ होली गीत प्रस्तुत किए, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो गए। फूलों की होली के बाद भक्तों के बीच लड्डू-जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात बरसाने की परंपरा के अनुसार लठामार होली खेली गई। ...