कौशाम्बी, जून 2 -- पिपरी थाने के पेरई गांव में मंगलवार सुबह पूजा के लिए फूल तोड़ने गए पीडब्ल्यूडी मजदूर की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरायअकिल थाने के इमलीगांव निवासी भैयालाल (55) पुत्र रामचरित्र लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में मजदूरी करते थे। वह पत्नी और बच्चों के साथ अपनी ससुराल पेरई गांव में काफी सालों से रह रहे थे। पत्नी शकुना देवी ने बताया कि मंगलवार भोर में भैयालाल स्नान करने के बाद पूजा के लिए घर से कुछ दूरी पर नलकूप के समीप लगे पौधों से फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। सर्पदंश के कुछ देर बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उन्हें झाड़फूंक के लिए ले गए।...