शामली, मई 1 -- कैराना। तेज रफ्तार पिकअप ने खड़ी दो बाइकों में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान युवक बाल-बाल बच गए। गुरुवार दोपहर मोहल्ला सुंदरनगर निवासी ईशा और भूरा चुंगी निवासी नौशाद बाइक से शामली से कैराना लौट रहे थे। बारिश शुरू होने पर उन्होंने मन्नामाजरा के निकट सड़क किनारे सरकारी शौचालय के पास अपनी बाइकें खड़ी कर दीं और वहां खड़े हो गए। इसी दौरान एक दंपति भी अपनी बाइक रोककर वहीं बारिश से बचने लगा। तभी शामली की ओर से आई तेज रफ्तार पिकअप ने अचानक कट मारते हुए खड़ी बाइकों में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। जबकि वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप और चालक को हिरासत में ले लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...