मैनपुरी, जून 12 -- बरनाहल। थाना क्षेत्र के ग्राम इकहरा में आवारा कुत्ते ने एक घोड़े को काट लिया। कुत्ते के काटने से घोड़ा पागल हो गया और उसने गांव में उत्पात मचाना शुरू कर दिया। गांव के जानवरों और एक किशोरी को घोड़े ने काट लिया। रस्सी तोड़कर घोड़ा कस्बा बरनाहल बाईपास मार्ग पर आ गया और यहां से घोड़े ने एक किशोरी और तीन वर्षीय बालिका को काटकर घायल कर दिया। घोड़े के काटने से सोडरा निवासी किशोरी भूमि, 3 वर्षीय वैष्णवी घायल हो गईं। घोड़ा पागल हो गया है और लोगों को काट रहा है, यह खबर मिलते ही कस्बा में हड़कंप मच गया है। लोग घोड़े को भगाते हुए थाने के निकट एक चाहरदीवारी में ले गए। उसे वही पकड़ने की कोशिश की जा रही है। पशु विभाग को भी इस संबंध में अवगत करवा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...