नई दिल्ली, सितम्बर 20 -- पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर जारी चिंताओं के बीच शनिवार को उनकी चिकित्सकीय जांच की गई। एक मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली। इमरान खान (73) वर्ष 2023 से जेल में बंद हैं, जब भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में वह रावलपिंडी स्थित उच्च सुरक्षा वाली अडियाला जेल में बंद हैं। 'जियो न्यूज' ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सरकारी संस्था 'पाकिस्तान आयुर्विज्ञान संस्थान' (पीआईएमएस) की एक विशेष टीम ने पूर्व क्रिकेटर से नेता बने खान की चिकित्सकीय जांच की। रिपोर्ट के अनुसार, खान की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल और आंखों की जांच भी शामिल थी। रिपोर्ट में कहा गया कि पीआईएमएस के एक डॉक्टर के नेतृत्व में टी...