पूर्णिया, जून 13 -- बायसी, एक संवाददाता। नेपाल की तराई एवं सीमांचल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश का असर अब नदियों पर दिखने लगा है। महानंदा, कनकई और परमार नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी कटाव का खतरा भी गहराने लगा है। बायसी अनुमंडल क्षेत्र के मीनापुर पंचायत स्थित चहत गांव में महानंदा नदी के किनारे कटाव शुरू हो जाने से ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण महानंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर में वृद्धि के साथ नदी का दबाव तटवर्ती इलाकों पर बढ़ गया है, जिससे चहत गांव के समीप कटाव शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून की शुरुआत में ही कटाव शुरू होने से आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।...