गंगापार, मई 27 -- थाना क्षेत्र के कोराली गांव में घरेलू विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी और विरोध करने पर घर का सामान इकट्ठा कर आग के हवाले कर दिया। घटना में महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। कोराली गांव निवासी सुखमत सिंह पत्नी पवन प्रताप सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 मई 2026 की रात करीब नौ बजे उसका पति पवन प्रताप सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि वह मायके से पैसे मंगाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने खटिया की पट्टी से पत्नी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। ...