शामली, मार्च 6 -- जमीन हड़पने के आरोप में एक निराश्रित महिला ने पुलिस महानिदेशक को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। गांव भूरा निवासी साजिदा खातून हाल निवासी भगत कॉलोनी वार्ड-21 पानीपत ने भेजे पत्र में बताया कि वर्ष 2007 में उसके पति की मृत्यु हो गई थी। गांव में उनकी पैतृक भूमि है। पति की बीमारी के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने जमीन ठेके पर ले ली थी। पति की मौत के बाद वह अपने बच्चों के साथ पानीपत जाकर रहने लगी। महिला का आरोप है कि वर्ष 2012 में उक्त व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ उसके पास पहुंचा और कहा कि जमीन उसके जेठ-देवर के नाम चली जाएगी, इसलिए तहसील जाकर बच्चों के नाम विरासत करा लीजिए। वह अनपढ़ होने के कारण आरोपियों की बातों में आ गई और कागजों पर अंगूठा लगा दिया। अब उसे पता चला कि आरोपियों ने फर्जी तरीके से उसकी जमीन अपने नाम करा ली है...