गिरडीह, जून 23 -- बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर प्रखंड के चौधरीबांध रेलवे क्रासिंग का नाम सुनते ही अब लोगों के माथे पर शिकन नहीं आती। धनबाद-गया रेलखंड पर स्थित इस फाटक के दोनों तरफ लगने वाली लंबी कतारें, घंटों का इंतजार और हादसे का डर-सब अतीत की बात हो गयी। रेलवे विभाग द्वारा अंडरपास बना दिए जाने के बाद वाहनों के पहिए अब बिना रुके दौड़ रहे हैं। इसके पहले फाटक बंद हुआ तो समझो जिंदगी रुक गई। ट्रेन गुजरने के बाद फाटक उठता था। तब तक दोनों तरफ वाहनों, बाइकों, राहगीरों और स्कूल के समय में बच्चों की भीड़ लग जाती थी। अभिभावकों को भी क्रासिंग पार कराने की जिम्मेदारी निभानी पड़ती थी। समय की बर्बादी अलग। रेलवे ने क्रासिंग के नीचे दो भाग वाला अंडरपास बना दिया। राइट साइड से वाहन सहित आम लोग आराम से आ-जा रहे हैं। ट्रेन ऊपर से गुजरती है, नीचे से सफर चलता है। ...