औरैया, जनवरी 31 -- औरैया, संवाददाता। जिले में लगातार दूसरे दिन भी धूप नहीं निकल सकी। शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। ठंडी के साथ गलन ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम रही। हालात ऐसे रहे कि दिन में भी वाहनों को हेडलाइट जलाकर सड़कों पर चलना पड़ा। ठंड और गलन के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोग ही घरों से बाहर दिखाई दिए। बाजारों में भी आम दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही। ठंडी हवाओं के साथ नमी बढ़ने से लोगों को कंपकंपी जैसी स्थिति महसूस हुई। सबसे अधिक परेशानी सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ी। कई अभिभावक बच्चों को भारी गर्म कपड़ों में लपेटकर स्कूल छोड़ते नजर आए। ...