उन्नाव, फरवरी 28 -- बीघापुर। कोतवाली क्षेत्र के लालगंज हाईवे स्थित टोल प्लाजा के पास शनिवार सुबह खेत के किनारे तीन राष्ट्रीय पक्षी मोर अचेत अवस्था में पड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि खेतों में डाले गए कीटनाशक के कारण यह घटना हुई। हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के निकट अकवाबाद जाने वाले खड़ंजा मार्ग से सटे खेत के पास ग्रामीणों ने सुबह तीन मोरों को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद वन विभाग को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तीनों मोरों को पशु चिकित्सालय बीघापुर ले जाया गया। वहां मौजूद डिप्टी सीवीओ डॉ. एसके सचान ने बताया कि मोरों को डिप और आवश्यक दवाएं दी गईं। तीनों की हालत में सुधार देखा गया। ...