गोपालगंज, जनवरी 2 -- बरौली, एक संवाददाता। जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से आलू की फसल पर झुलसा रोग का प्रकोप शुरू हो गया है। आलू के पौधे की पत्तियां सूख रही हैं। बैकुंठपुर, बरौली, मांझागढ़, थावे, कुचायकोट, उचकागांव व पंचदेवरी के इलाकों में इसका प्रकोप ज्यादा दिख रहा है। इसी तरह मिर्च व लत्तर वाली सब्जियों की फसल झुलस रही है। टमाटर, बैगन, मटर, धनिया, गाजर व कद्दू के फलन भी प्रभावित हुए हैं। सब्जियों के पौधे के फूल कुम्हला जा रहे हैं। ठंड का असर तिलहनी फसलों पर दिख रहा है। पौधे में फूल लगने से पहले गलका रोग लगने से किसान परेशान हैं। किसानों के अनुसार फसलों की पत्तियां किनारे व शिरे से झुलसना शुरू होती हैं। इसके बाद एक दो दिनों में पूरा पौधा झुलस जाता है। किसान झुलसा रोधी दवा का छिड़काव कर फसलों को बचाने में जुटे हुए हैं। ...