जमशेदपुर, जनवरी 28 -- टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर स्थित मगदम छठ घाट के समीप मंगलवार दोपहर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में ऑटो पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज गति में था और अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑटो से ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। ऑटो में सवार यात्री अंदर फंस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।...