सीवान, अक्टूबर 7 -- ​पचरुखी, एक संवाददाता। भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने प्रखंड के तरवारा बाजार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। ​सभा को संबोधित करते हुए बड़हरिया विधानसभा प्रभारी विकास यादव ने कहा कि वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग पर कार्रवाई के बजाय दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं और जनप्रतिनिधियों पर पुलिसिया बर्बरता लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने मांग की कि एसआईआर रद्द किया जाए, काटे गए 10 करोड़ मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएं तथा पारदर्शी चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को शामिल कर नियुक्ति कमेटी का पुनर्गठन हो। ​माले नेता गुड्डू मिश्रा व रमाशंकर चौरसिया ने कहा कि 10 करोड़ लोगों का मताधिकार छीनना देशद्रोही कृत्य है, इसलिए ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए...