गोरखपुर, मई 22 -- गोरखपुर। जिला अस्पताल में हार्ट अटैक से पीड़ित मरीज को टेनेक्टा प्लस इंजेक्शन लगाकर जान बचाई गई। इस इंजेक्शन की कीमत करीब 40 हजार रुपए है। इसे शासन की तरफ से फ्री में मरीजों के लिए मुहैया कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पादरी बाजार निवासी मरीज को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने तत्काल इंजेक्शन देकर इलाज शुरू किया। जिला अस्पताल में हाल के दिनों में अब तक आधा दर्जन मरीजों को यह इंजेक्शन लगाया जा चुका है। गुरुवार को भर्ती मरीज का इलाज आइसीयू में चल रहा है। हृदय रोग विभाग के विशेषज्ञ डॉ. रोहित गुप्ता ने बताया कि शासन की ओर से उपलब्ध कराए गए जीवनरक्षक इंजेक्शन का लाभ गंभीर मरीजों को दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...