सहारनपुर, अप्रैल 13 -- तीतरों, संवाददाता। गांव कलसी में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी गिरने के कारण गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में धू-धूकर जलती फसल से चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की इस घटना में किसानों की लगभग 16 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव कलसी निवासी महावीर सिंह तथा सुखबीर के खेत में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी थी। शनिवार को तीसरे पहर अचानक खेत में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख किसान व ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो आसपास के अन्य किसानों की फसल भी चपेट में आ सकती थी। किसानों ने बताया कि आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ...