रिषिकेष, फरवरी 25 -- खदरी खड़कमाफ में लेनदेन के विवाद में पेंटर ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। जख्मी हालत में बेटे ने पिता को अस्पताल पहुंचाया। नामजद तहरीर पर पुलिस से आरोपी के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक यह घटना 23 फरवरी की है। शिवम, निवासी गुनियापुर, नजीबाबाद, बिजनौर ने तहरीर देकर बताया कि खदरी में बादल उर्फ चिंटू के घर पहुंचा था। इसी बीच किसी बात को लेकर उनका झगड़ा हो गया। जिसके बाद 55 वर्षीय पिता हरिओम भी मौके पर आ गए। आरोप है कि बादल ने गुस्से में पिता के पेट और हाथ पर चाकू से दो वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि विवाद लेनदेन का लेकर हुआ। सभी घरों में रंगाई-पुताई का काम करते हैं। आरोपी बादल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ...