कौशाम्बी, नवम्बर 4 -- अजुहा कस्बा निवासी एक बदमाश की संपत्ति का चंदौली पुलिस ने ब्यौरा मांगा है। सिराथू एसडीएम ने तहसीलदार को इस बाबत जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। अजुहा कस्बे के वार्ड तीन निवासी मो. हसीन पुत्र मो. रईस शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ चंदौली जनपद के सैयद राजा थाने में गैंगस्टर समेत कई मामले दर्ज हैं। विधिक कार्रवाई के लिए मुकदमे के विवेचक थाना प्रभारी बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने एसडीएम सिराथू को पत्र भेजकर बदमाश की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा मांगा है। थाना प्रभारी ने बताया अभियुक्त न्यायालय का वांछित अपराधी है। ऐसे में संपत्ति कुर्क करने के लिए न्यायालय को ब्यौरा उपलब्ध कराना होगा। एसडीएम ने तहसीलदार को अभियुक्त का विवरण देने का निर्देश दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...