मुंगेर, अप्रैल 6 -- धरहरा, एक संवाददाता। धरहरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में रविवार की शाम लगी आग ने एक परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। घटना शाम करीब करीब चार बजे की है,जब गार्डन यादव के घर में अचानक आग भड़क उठी। उस समय पूरा परिवार गोविंदपुर बहियार में खेत में फसल काटने गये थे। घर से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए। आग की लपटों में घर में रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। पीड़ित गार्डन यादव ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी इसी महीने 27 अप्रैल को तय थी। शादी को लेकर घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद, कपड़े, बर्तन सहित अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गए। घटना के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ...