संभल, अप्रैल 1 -- ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर सकता में सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब रसोई में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेज होने लगीं तो घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग की लपटों से घिरे गैस सिलेंडर को रसोई से बाहर निकाला। उनकी इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इस सराहनीय कार्य में अनुज कुमार, नितिन कुमार, रोबिन कुमार और रिजवान हुसैन ने अहम भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...