हल्द्वानी, जनवरी 31 -- नैनीताल। बीते दिनों हुई बारिश के बावजूद खुर्पाताल के समीपवर्ती पहाड़ी क्षेत्र के जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है। आग की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयासों में जुट गई। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पूरी रात बारिश हुई थी, जिससे वन विभाग को वनाग्नि से राहत की उम्मीद जगी थी। हालांकि शुक्रवार देर शाम खुर्पाताल से सटे पहाड़ी जंगल क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते फैलने लगी। वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि आग बुझाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। साथ ही जंगल में आग लगाने वालों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...