संतकबीरनगर, मार्च 2 -- मेंहदावल, हिन्दुस्तान संवाद। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की स्थिति ने खाड़ी देशों में रोज़गार कर रहे लोगों के परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ा दी है। मेंहदावल क्षेत्र के कई परिवार अपने बेटों, भाइयों और रिश्तेदारों की सलामती को लेकर लगातार उनसे संपर्क साध रहे हैं। फोन कॉल और वीडियो कॉल के जरिए हालचाल पूछकर परिजन कुछ राहत तो महसूस कर रहे हैं, लेकिन सही सलामत होने के बाद भी मन के किसी कोने में डर अब भी बना हुआ है। ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र के कुछ देशों को लेकर दी गई चेतावनियों और संभावित हमलों की खबरों के बाद से आम लोगों में भ्रम और आशंका की स्थिति बनी हुई है। यही वजह है कि गांव-कस्बों में बैठकों, मस्जिदों और घरों में एक ही चर्चा है कि वहां हालात कैसे हैं? परिजन दिन में कई-कई बार दुआएं कर रहे हैं ...