धनबाद, दिसम्बर 9 -- सिजुआ, प्रतिनिधि। तेतुलमारी शक्ति चौक के पास झामाडा की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से सड़क पर लगातार बह रहे पानी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर उभर आया। ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही के खिलाफ शक्ति चौक पर जुटकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। ग्रामीण राजू महतो ने बताया कि पाइपलाइन कई महीनों से टूटी पड़ी है। जैसे ही जलापूर्ति शुरू होती है, पाइपलाइन से तेज धार में पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र मरम्मत नहीं की गई, तो वे आठ लेन सड़क को जाम कर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। मौके पर छोटू महतो, चमरू महतो, फूचन महतो, रामू महतो, अनिल महतो, बलराम महतो, महावीर महतो आदि मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस ...