बस्ती, अगस्त 2 -- बस्ती, निज संवाददाता। खाद्य पदार्थों में मिलावट और खानपान की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों के लिए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को अब भटकना नहीं पड़ेगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कांवड़ मार्ग के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट एप से जुड़े क्यूआर कोड लगाने शुरू कर दिए हैं। क्यूआर कोड स्कैन कर लोग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। विभाग के अधिकारियों के अनुसार एप पर दर्ज शिकायतों का तत्काल संज्ञान लिया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए जाएंगे। विभाग ने हाईवे समेत कांवड़ यात्रा मार्ग के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों पर क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है...