जौनपुर, जून 2 -- सुरेरी, हिन्दुस्तान संवाद। सुल्तानपुर कुटी स्थित राम जानकी मंदिर से सोमवार सुबह निकाली गई कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय राम कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजक अजय मिश्रा ने पत्नी सहित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर कलश यात्रा को रवाना किया। पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश रखकर जय श्रीराम के जयघोष के साथ यात्रा प्रारंभ की। कलश यात्रा राम जानकी मंदिर सुल्तानपुर कुटी से निकलकर नागेश्वर नाथ मंदिर नगेसरा पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालु वसुही नदी तट पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरकर कथा स्थल के लिए प्रस्थान किया गया। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत किया...