महाराजगंज, जून 20 -- महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम मोजरी में मायके आई विवाहिता की शनिवार को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोठीभार थाना क्षेत्र के मोजरी गांव निवासी झकरी की पुत्री नंदिनी (24) शनिवार को घर में बिजली के बोर्ड से लोहे का पंखा चालू करने के लिए जोड़ रही थी। इस दौरान अचानक पंखे में करंट उतर गया और वह उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही नंदिनी चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बिजली का कनेक्शन बंद किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नंदिनी की शादी करीब दो वर्ष पहले बिहार के बैरी स्थान पश्चिमी चंपारण में हुई थी। वह लगभग एक माह पहले अपने मायके आई हुई थी।...