औरैया, अगस्त 4 -- न्याय मिलने में भले ही 28 साल लग गए, लेकिन आखिरकार जीत सत्य की ही हुई। औरैया ब्लॉक के मिहौली गांव निवासी 86 वर्षीय रामबाबू शर्मा का करीब तीन दशक लंबा कानूनी संघर्ष मंगलवार को मुकाम पर पहुंच गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, औरैया ने निष्पादन वाद का अंतिम निस्तारण करते हुए उन्हें 21,470 का बैंक चेक सौंपा। चेक हाथ में लेते ही बुजुर्ग की आंखें भर आईं और उन्होंने न्यायपीठ, अपने अधिवक्ता तथा आयोग के कर्मचारियों को भावुक होकर आशीर्वाद दिया। मामले की शुरुआत वर्ष 1998 में हुई थी। रामबाबू शर्मा ने स्वरोजगार के उद्देश्य से 'विश्वकर्मा कृषि यंत्र उद्योग' नाम से एक छोटी वर्कशॉप स्थापित करने की तैयारी की थी। उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए निर्धारित कोटेशन एवं मीटर किराया जमा किया और मशीनें भी खरीद लीं, लेकिन बिजली विभाग की लापरव...