बदायूं, अप्रैल 2 -- नगर पंचायत गुलड़िया में संचालित देसी शराब की दुकान पर ओवररेट बिक्री को लेकर बुधवार शाम हंगामा हो गया। आरोप है कि दुकान पर काफी समय से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूली जा रही थी। बुधवार को एक व्यक्ति शराब खरीदने पहुंचा, जिसके पास 75 रुपये थे। जब उसने पौवा मांगा तो सेल्समैन ने उससे 85 रुपये की मांग की। इस पर उसने अतिरिक्त राशि देने से मना कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। देखते ही देखते वहां मौजूद अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए। बढ़ते विवाद को देखते हुए दुकान कर्मियों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...