गोरखपुर, फरवरी 23 -- उरुवा बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के गोला मार्ग स्थित एसबीआई एटीएम पर जालसाजी का मामला सामने आया है। रविवार देर शाम ककरही निवासी सुरेंद्रनाथ मिश्र दस हजार रुपये निकालने पहुंचे। मशीन चलने की आवाज तो आई, लेकिन कैश बाहर नहीं निकला। काफी इंतजार के बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। तभी एक युवक की नजर कैश स्लॉट पर लगी स्टील की प्लेट पर पड़ी। प्लेट हटाने पर फंसी रकम बाहर आ गई। आशंका है कि जालसाजों ने रकम फंसाने के लिए प्लेट लगाई थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने प्लेट कब्जे में ले ली। जांच में एटीएम का सीसीटीवी कैमरा भी बंद मिला। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...