घाटशिला, जून 25 -- गालूडीह के उल्दा पंचायत अंतर्गत देवली गांव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब और हड़िया की बिक्री व सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। बुधवार को आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से तय किया गया कि गांव की सीमा में कोई भी व्यक्ति शराब या हड़िया न बेचेगा और न ही इसका सेवन करेगा। नियम तोड़ने वालों पर आर्थिक दंड के साथ सामाजिक बहिष्कार की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा घरेलू कलह, बीमारी और गरीबी बढ़ रही है। सरकार के नशामुक्ति अभियान से प्रेरित होकर महिलाओं और युवाओं ने इस पहल का समर्थन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार के खिलाफ नियमित छापेमारी की मांग की है। देवली गांव की यह पहल क्षेत्र में मिसाल बन रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की...