कौशाम्बी, जनवरी 15 -- सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद दोआबा की पावन धरा पर मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को आस्था-श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान सूर्य के उत्तरायण प्रवेश के पुनीत अवसर पर गंगा-यमुना तट स्नानार्थियों की भीड़ से गुलजार रहे। घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मोक्षदायिनी गंगा में डुबकी लगाई। साथ ही भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हुए सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। शक्ति पीठ कड़ा धाम में भी दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से शाम की आरती तक चलता रहा। मकर संक्रांति स्नान के लिए गुरुवार को तड़के से ही श्रद्धालु गंगा व यमुना घाटों पर पहुंचने लगे। हजारों की संख्या में लोगों ने पुण्य की डुबकी लगाई। कुबरी, कालेश्वर, हनुमान, संदीपनि, काकराबाद, पल्हाना समेत सभी गंगा तटों पर भोर से दोपहर तक आस्था क...