बुलंदशहर, अप्रैल 30 -- अप्रैल की झुलसाने वाली तपिश झेल रहे लोगों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में उमड़े काले बादलों ने दिन में ही अंधेरा कर दिया। गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश ने जहां पारे में गिरावट कर दी है, वहीं तेज आंधी ने शहर की रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक भी लगाया। आंधी के चलते कई स्थानों पर होर्डिंग्स उखड़ गए और पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर आ गिरीं। वहीं सिकंदराबाद और खुर्जा में ओलावृष्टि भी हुई। गुरुवार सुबह की शुरुआत तीखी धूप के साथ हुई थी। उमस और गर्मी से लोग बेहाल थे, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। देखते ही देखते आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल दी। हालांकि, बीच में कुछ देर के लिए धूप न...