संवाददाता, अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर हाईवे पर रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मोठ कोतवाली क्षेत्र में एक शताब्दी बस अचानक बेकाबू होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में करीब 16 यात्री घायल हो गए। अचानक बेकाबू बस के अंदर बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई थी। हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया जहां से हालत नाजुक होने के चलते कुछ यात्रियों को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। रविवार को एक शताब्दी बस इंदौर से लखनऊ के लिए जा रही थी। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। सुबह 6:15 बजे के करीब जैसे ही बस ड्राइवर मोठ कोतवाली इलाके में बने स्टेडियम के पास पहुंचा। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। बस लहराते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में नीचे दबकर कई यात्री घायल हो गए...