रायपुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में घटित कई आपराधिक मामलों में कांग्रेस नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं की संलिप्तता सामने आ रही है।

डॉ. मिश्रा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट मामले के आरोपी का एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के घर आना-जाना था तथा आरोपी के पिता भी कथित रूप से कांग्रेस नेता के यहां काम करते हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस और अपराधियों के संबंध का उदाहरण बताया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं पर केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कथित कोयला लेवी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस नेताओं और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, सतीश अग्रवाल तथा आर.पी. सिंह के नामों का उल्लेख किया।

डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि जनवरी 2026 में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को जांजगीर-चांपा जिले में कथित धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगस्त 2024 में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को बलौदाबाजार हिंसा एवं आगजनी मामले में गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा कि जून 2025 में अरुण तिवारी और बृजमोहन सिंह को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के आरोप में पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा रायपुर में लूट के एक मामले में कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश साहू का नाम सामने आने के बाद पार्टी द्वारा उन्हें निलंबित किए जाने का भी उल्लेख किया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न आपराधिक घटनाओं में कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के नाम सामने आते रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस और अपराधियों के बीच संबंध रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित