मुरैना , मई 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में यातायात पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 100 ई-रिक्शाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये समन शुल्क वसूला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने यातायात पुलिस को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद आज शहर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान करीब 100 ई-रिक्शा निर्धारित रूट के विपरीत संचालित होते पाए गए तथा कई वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते मिले। यातायात पुलिस ने चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित चालकों से समन शुल्क के रूप में लगभग 50 हजार रुपये वसूले।

सूत्रों ने बताया कि शहर में दो हजार से अधिक ई-रिक्शाओं का संचालन हो रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित