भोपाल , मई 21 -- मध्यप्रदेश पुलिस में सूबेदार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक प्रवीणता परीक्षा, दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया पांच जून से 11 जून तक भोपाल और जबलपुर में आयोजित की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सूबेदार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के कुल 500 पदों के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा ऑनलाइन परीक्षा 29 अप्रैल 2026 तक भोपाल, जबलपुर, सागर एवं सीधी में आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम 18 मई 2026 को कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर घोषित किया जा चुका है।
विज्ञप्ति के अनुसार सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक प्रवीणता परीक्षा, दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कार भोपाल के लाल परेड ग्राउंड, जहांगीराबाद तथा जबलपुर के परेड ग्राउंड, छठवीं वाहिनी विसबल रांझी में आयोजित होंगे।
ऑनलाइन परीक्षा में सफल अभ्यर्थी कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से अपना सूचना पत्र डाउनलोड कर निर्धारित परीक्षा स्थल पर उपस्थित हो सकेंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर ही उपस्थित होना होगा तथा इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान आधार ई-केवाईसी सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार नंबर लॉक न हो। दस्तावेज परीक्षण के लिए अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी स्वयं प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लानी होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित