सुलतानपुर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले की अखण्डनगर थाना पुलिस ने असलहे के बल पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस उपाधीक्षक कादीपुर विनय गौतम ने गुरुवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अखण्डनगर थाना पुलिस को यह सफलता मिली। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार निवासी कम्मरपुर थाना सरपतहा जनपद जौनपुर, दीपक कुमार निवासी दुखई का पुरवा थाना सरपतहा जनपद जौनपुर, अनुराग निवासी कम्मरपुर थाना सरपतहा जनपद जौनपुर तथा विवेक कुमार निवासी दुखई का पुरवा थाना सरपतहा जनपद जौनपुर शामिल हैं।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कमिया बहाउद्दीनपुर के पास गिधौना मार्ग से बीती देर रात करीब 11:50 बजे चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब, चार हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार 19 मई को एक महिला ने थाना अखण्डनगर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने असलहा दिखाकर उसके सोने-चांदी के गहने लूट लिए। शिकायत के आधार पर थाना अखण्डनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित