सहारनपुर , मई 21 -- सहारनपुर नगर निगम के करीब 1600 सफाईकर्मी चार दिन की हड़ताल के बाद गुरुवार दोपहर से काम पर लौट आए। नगर निगम प्रशासन ने दावा किया है कि शुक्रवार सुबह से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो जाएगी। सफाई व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में सफाई कर्मचारी पिछले चार दिनों से हड़ताल पर थे, जिसके चलते शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे और सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी।

अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनी आजाद ने बताया कि बुधवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने यूनियन नेताओं और निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने कर्मचारियों को उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किए जाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि वेतन वृद्धि संबंधी मांग को शासन को भेजा जाएगा तथा वेतन में 2100 रुपये की वृद्धि के प्रस्ताव को नगर निगम बोर्ड की अगली बैठक में रखा जाएगा। वर्तमान में सफाईकर्मियों को 15,280 रुपये वेतन मिल रहा है। बैठक में नगर आयुक्त शिपू गिरि, अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त शिपू गिरि ने कहा कि यूनियन की प्रमुख मांगों में यह शामिल था कि भर्ती किए जाने वाले 1000 नए संविदाकर्मी किसी निजी कंपनी के माध्यम से नियुक्त न किए जाएं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्यरत सफाई कर्मचारी शहरी आजीविका केंद्र (सीएलपी) के तहत काम कर रहे हैं।

मेयर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि सफाईकर्मियों को आश्वस्त किया गया है कि भविष्य में जो भी नई नियुक्तियां होंगी, वे सहारनपुर महानगर के लोगों की ही होंगी और बाहरी लोगों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ नेता एवं बिचौलिए सफाईकर्मियों को गुमराह कर हड़ताल पर ले गए थे।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद से कूड़ा उठाने वाले वाहन गैराज से निकलने शुरू हो गए हैं और शुक्रवार सुबह से शहर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा। मेयर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि ईद के बाद सफाईकर्मी नेताओं के साथ पुनः बैठक कर नई व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगरवासियों और सफाईकर्मियों दोनों के हित प्रशासन की प्राथमिकता हैं तथा बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर निगम का संकल्प है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित