सहारनपुर/देवबंद , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले और देवबंद नगर में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को जनपद का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के कारण लोग बेहाल नजर आए। भीषण गर्मी के चलते सहारनपुर और देवबंद के बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम रही। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर के समय सड़कें तपने लगीं और लू के थपेड़ों ने बाहर निकलना मुश्किल कर दिया।

लोगों का कहना है कि गर्मी इतनी अधिक बढ़ गई है कि पंखे, कूलर और एसी भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। वहीं देवबंद नगर में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे दिन में केवल आठ से दस घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। रात के समय भी कई-कई घंटे बिजली कटौती होने से लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम साफ रहने तथा तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई है। इसके चलते आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने के आसार हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को हीटवेव से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार लोगों को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए तथा खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा, शिकंजी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और जरूरत पड़ने पर छाता, टोपी तथा काला चश्मा प्रयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनने को भी कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित