जयपुर , मई 21 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दिल में असीम देश प्रेम है और उनकी भावना है कि देश और मजबूत बने एवं अखंड रहे।
श्री गहलोत नयी दिल्ली में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि श्री राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी को लेकर कोई नयी बात नहीं कही है। उनके अंदर का देशप्रेम प्राय: उनकी जुबां पर आ जाता है।
गौरतलब है कि श्री राहुल गांधी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली भ्रमण के दौरान एक रैली में कहा था कि वह भाजपा से डरते नहीं हैं। श्री राहुल गांधी के इसी बयान को लेकर श्री गहलोत से संवाददाताओं ने सवाल पूछा था।
यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री गहलोत ने कहा कि श्री राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में हमेशा देशवासियों को आगाह करते रहते हैं। श्री राहुल गांधी ने पूर्व में भी जनता को आगाह किया है। चाहे नोटबंदी हो, चाहे कोविड का संकट हो, हर बार उन्होंने देश को पहले ही आगाह किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के जो हालात हैं, उससे सब चिंतित हैं। देश किस दिशा में जा रहा है, कोई नहीं जानता, किस दिशा में जाएगा, किसी को नहीं मालूम है। देश के समक्ष बड़ा आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करने पर जेल जाना पड़ता है, राष्ट्रद्रोही ठहरा दिया है। आज लोकतंत्र खतरे में है और धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी भावना है कि देश मजबूत बने, एक रहे, अखंड रहे, इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जान दे दी, श्री राजीव गांधी शहीद हो गये लेकिन इस मुल्क को एकजुट रखा। उन्होंने कहा कि देश में अलग-अलग धर्म के लोग हैं, अलग-अलग वर्गों के लोग हैं, उन सबको प्यार मोहब्बत से रखना चाहिए और इसके लिए जिम्मेदारी विपक्ष के अलावा सत्ता पक्ष की ज्यादा होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित