नैनीताल , मई 21 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (अप्रा) गुरमीत सिंह ने नैनीताल जिले के भवाली में गुरुवार को हुई भीषण दुर्घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
दूसरी ओर सभी मृतकों का देर शाम तक भवाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम संपन्न करवा गया। शवों को उनके निकट परिजनों को सौंप दिया गया।
यहां बता दें कि आज दोपहर में भवाली के पास सेनिटोरियम-रातीघाट मार्ग पर एक पर्यटक वाहन के खाई में गिरने से 05 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में चार एक ही परिवार के थे। इनमें पिता-पुत्री और मां-बेटे सभी की एक साथ दर्दनाक मौत हो गई। साथ ही लखनऊ निवासी चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सभी लोग उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा के रहने वाले थे और लखनऊ में निवास करते थे। सभी लोग खटीमा से नैनीताल जिले के रातीघाट अपने परिचित के रिसार्ट जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी ने दुर्घटना के बारे में बताया कि दुर्घटना बहुत ख़तरनाक थी। तेज रफ्तार महेंद्रा कार एक बेहद तीव्र मोड़ पर 20 से 30 मीटर हवा में लहराने के बाद गहरी खाई में जा गिरी। जिससे कार सवार सभी लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित