चंडीगढ़ , मई 20 -- पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न दिवंगत राजीव गांधी की गुरुवार को पुण्यतिथि पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक, लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक सोच और भाईचारे पर आधारित भारत का जो सपना देखा था, वह आज पहले से अधिक प्रासंगिक है। सूचना प्रौद्योगिकी, युवाओं की भागीदारी, पंचायती राज और पारदर्शी शासन को लेकर उनका दूरदर्शी विजन देश के विकास की नींव बना लेकिन वर्तमान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उन मूल्यों और संस्थाओं को कमजोर कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से समाज में वैमनस्य बढ़ा है, बेरोजगारी चरम पर है और लोकतांत्रिक संस्थाएं लगातार सवालों के घेरे में हैं। ऐसे समय में श्री गांधी के विचार देश को एकजुट रखने, संविधान की रक्षा करने और युवाओं को अवसर देने की प्रेरणा देते हैं। उनका मानना था कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता, लोकतंत्र और युवा ऊर्जा में है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजीव गांधी के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय, भाईचारे, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक जसबीर मलौर, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हरियाणा के चेयरमेन फोम लाल, पंचकूला जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने भारत रत्न गांधी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित