मुरादाबाद , मई 21 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल प्रशासन ने लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष प्रबंध किए। इसके तहत मुरादाबाद एवं बिजनौर स्टेशनों पर अतिरिक्त रैक की व्यवस्था की गई, जबकि बरेली और सीतापुर सिटी के बीच एक विशेष ट्रेन भी चलाई गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि 21 मई को आयोजित परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे। उन्होंने बताया कि मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें लगातार भीड़ प्रबंधन पर नजर बनाए रहीं। कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों की सतत निगरानी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी द्वारा स्टेशनों, ट्रेनों, फुटओवर ब्रिज और रेलवे लाइनों पर लगातार चौकसी बरती गई। मंडल प्रशासन ने अधिक भीड़ की स्थिति से निपटने के लिए मुरादाबाद और बिजनौर स्टेशनों पर अतिरिक्त रैक भी तैयार रखे थे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेन संचालित की जा सके।
इसी क्रम में दोपहर तीन बजे बरेली से सीतापुर सिटी के लिए विशेष ट्रेन संख्या 04326 का संचालन किया गया। इस विशेष ट्रेन को पिताम्बरपुर, तिलहर, शाहजहांपुर, रोजा और मैगलगंज स्टेशनों पर ठहराव दिया गया। मंडल प्रशासन ने कहा कि परीक्षार्थियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे हर संभव प्रयास करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित