धार , मई 25 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज सोमवार को धार स्थित भोजशाला पहुंचकर मां वाग्देवी के दर्शन-पूजन किए और भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए तीन लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए लक्ष्मण सिंह पंचघाटी, बनसिंह अमझेरा और अंतर सिंह के परिजनों को मंच पर सम्मानित किया तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि साढ़े सात सौ वर्षों के संघर्ष के बाद भोजशाला को लेकर जो निर्णय आया है, उसके लिए धारवासी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने भोजशाला क्षेत्र के विकास के लिए 'भोजशाला लोक' और 'भोज शोध संस्थान' स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि धार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 की बसंत पंचमी के बाद धार का इतिहास बदलने लगा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक नीना विक्रम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। भोजशाला कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मोतीबाग चौक पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके बाद देवी सागर तालाब पर आयोजित 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत श्रमदान भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल संरक्षण के लिए करोड़ों रुपए की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भोजशाला और शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए तथा कई क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित