मऊ , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने हेलीपैड स्थल, जनसभा स्थल, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और आमजन को कोई असुविधा न हो।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनसभा स्थल पर पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान और प्राथमिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को हेलीपैड और जनसभा स्थल के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को टेंट, मंच और हेलीपैड निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा तय समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित