नयी दिल्ली , मई 21 -- यात्री वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने जून से अपने वाहनों के दाम 30 हजार रुपये तक बढ़ाने की घोषणा की है।
कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि लागत मूल्य लगातार बढ़ने के कारण कंपनी ने वाहनों के दान बढ़ाने का फैसला किया है। उसने कहा है कि पिछले कुछ महीने से वह लागत कम करने के उपायों के जरिये लागत के असर को कम करने का प्रयास कर रही थी। हालांकि अब मुद्रास्फीति का दबाव बढ़ने और लागत से जुड़ी विपरीत परिस्थितियों के जारी रहने के कारण बढ़ी लगात का कुछ बोझ ग्राहकों पर जरूरी हो गया है।
उसने बताया है कि ग्राहकों पर कम से कम बोझ डालने का प्रयास किया गया है। अलग-अलग मॉडलों के लिए कीमत में वृद्धि भी अलग-अलग होगी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक स्तर पर एल्यूमीनियम तथा वाहन उद्योग के लिए जरूरी कुछ अन्य कच्चे माल की कीमत काफी बढ़ गयी है। यही कारण है कि मारुति सुजुकी ने वाहनों के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित