भोपाल , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महिला आरक्षण एवं कथित महिला विरोधी नीतियों के विरोध में राजधानी भोपाल में विशाल पैदल मार्च निकाला। यह मार्च प्लेटिनम प्लाज़ा से शुरू होकर न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक निकाला गया। मार्च में जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, कांतिलाल भूरिया, फूल सिंह बरैया, आरिफ मसूद, आतिफ अकील सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है और लोकसभा की सभी 543 सीटों पर महिला आरक्षण तत्काल लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा में भी महिला आरक्षण प्रस्ताव पारित करने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि महिलाओं के नाम पर राजनीति की जा रही है, लेकिन वास्तविक आरक्षण देने से बचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल इस संबंध में प्रस्ताव लाकर केंद्र सरकार को भेजने की पहल करेगा।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर देने के लिए आरक्षण लागू करना आवश्यक है। जबकि पूर्व विधायक सुनीता पटेल ने भी महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। कांग्रेस ने दावा किया कि उसके शासनकाल में महिलाओं को पंचायत एवं नगरीय निकायों में आरक्षण देकर सशक्त किया गया, जबकि वर्तमान में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार का रुख सकारात्मक नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित