रांची , मई 21 -- झारखंड की राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों को राहत देने के लिए रांची पुलिस ने नई पहल की है।
ट्रैफिक जवानों के लिए अत्याधुनिक "कूलिंग जैकेट" का ट्रायल शुरू किया गया है। इस जैकेट की मदद से जवान तेज धूप और गर्म हवा के बीच भी लंबे समय तक आरामदायक तरीके से ड्यूटी कर सकेंगे। रांची पुलिस की ओर से फिलहाल पांच कूलिंग जैकेट का ट्रायल किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान जवानों से फीडबैक लिया जाएगा। यदि इसका परिणाम संतोषजनक रहा तो आगे और जैकेट खरीदे जाएंगे।
इस खास जैकेट में इन-बिल्ट फैन सिस्टम लगाया गया है। फैन लगातार हवा का प्रवाह बनाए रखता है, जिससे शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है। इससे ट्रैफिक जवानों को गर्मी में राहत मिलेगी और वे ज्यादा देर तक सक्रिय रह सकेंगे।
कूलिंग जैकेट को पावर बैंक से संचालित किया जाता है। एक बार चार्ज करने के बाद यह करीब आठ घंटे तक लगातार काम कर सकती है। यानी जवान अपनी पूरी ड्यूटी के दौरान इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
जैकेट का कपड़ा एसपीएफ 50 सुरक्षा के साथ तैयार किया गया है, जो तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाव करता है। वहीं रात में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसमें रिफ्लेक्टिव रेडियम स्ट्रिप्स लगाई गई हैं। इससे दूर से ही जवान आसानी से नजर आ सकेंगे और सड़क हादसों का खतरा भी कम होगा।
रांची पुलिस का कहना है कि गर्मी में लगातार सड़क पर खड़े रहकर ट्रैफिक संभालना आसान काम नहीं है। ऐसे में जवानों की सेहत और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे जवानों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और वे ज्यादा बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा पाएंगे।
रांची पुलिस की यह पहल आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल का एक अच्छा उदाहरण मानी जा रही है। इससे यह भी साफ होता है कि अब पुलिस विभाग सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि अपने कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित