पटना , मई 24 -- िहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक वैचारिक संगठन है, जो समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। श्री चौधरी ने पटना सिटी में संगठनात्मक जिला पटना महानगर द्वारा आयोजित "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026" के समापन सत्र में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांत भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाते हैं।
श्री चौधरी ने संगठनात्मक यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के संघर्ष, संगठन विस्तार की यात्रा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए जनकल्याणकारी कार्यों एवं बिहार में डबल इंजन सरकार के विकासात्मक प्रयासों को प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है तथा गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल विकास एवं युवाओं के लिए अवसर सृजन जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों और विचारों को समाज के बीच ले जाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें तथा विकसित बिहार एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि "राष्ट्र प्रथम" की भावना, सेवा का संकल्प और संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित