धार , मई 25 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर मंदसौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से 15 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्तमान में मंदसौर में पदस्थ सीएमएचओ डॉ गोविंद सिंह चौहान ने मनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम गुलाटी निवासी माधव गेहलोत ने कुक्षी रोड स्थित बड़वानी फाटे पर प्लॉट दिलाने का आश्वासन दिया था।

आरोपी ने प्लॉट के नाम पर डॉ चौहान से अलग-अलग किश्तों में 15 लाख 52 हजार 700 रुपए नकद, चेक और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी ने न तो प्लॉट का कब्जा दिया और न ही जमीन की रजिस्ट्री कराई।

शिकायत में कहा गया कि राशि वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी माधव गेहलोत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित